अक्ति पर्व पर बेल्हारी में किसानों ने ठाकुर देवता को धान चढ़ाकर अच्छी फसल की कामना की,पुतरी-पुतरा विवाह से जीवंत हुई लोक संस्कृति

जामगांव आर। अंचल के गांवों में अक्षय तृतीया (अक्ति) का पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर किसानों ने ठाकुर देवता को धान का दोनिया चढ़ाकर आगामी कृषि सीजन में भरपूर फसल की कामना की। कई गांवों में खेतों में जुताई कर प्रतीकात्मक रूप से बीज छिड़कने की परंपरा भी निभाई गई। पर्व के दौरान गांव के बैगा द्वारा ग्रामीणों को धान का बीज प्रसाद के रूप में वितरित किया गया, जिसे शुभ मानकर लोगों ने ग्रहण किया। वहीं, घर-घर में विशेष पूजा-अर्चना कर पूर्वजों का स्मरण किया गया और पितरों का आशीर्वाद लिया गया।

इस मौके पर बच्चों में भी खास उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर बच्चों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुतरी-पुतरा का विवाह रचाकर लोक संस्कृति को जीवंत किया।
ग्राम पटेल मंजुलाल भारती ने बताया कि अक्ति पर्व किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह दिन खेती-किसानी की शुरुआत का प्रतीक है और ग्रामीण पूरी आस्था के साथ इसे मनाते हैं, ताकि पूरे साल अच्छी उपज मिल सके। सरपंच अमित अग्रवाल ने सभी ग्रामीणों और किसानों को पर्व की बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के पारंपरिक पर्व हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने कहा कि नई पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ना जरूरी है, जिससे हमारी लोक संस्कृति हमेशा जीवित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *