अमरकंटक में आस्था का जनसैलाब : 50 हजार कांवड़ियों ने मृत्युंजय आश्रम में ग्रहण की प्रसादी,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर निःशुल्क भोजन व ठहराव की व्यवस्था

रायपुर। पवित्र सावन मास के अंतिम सोमवार को अमरकंटक धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला, जहां 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने मृत्युंजय आश्रम में प्रसादी ग्रहण की।यह भव्य आयोजन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की पहल और मार्गदर्शन में संभव हुआ। श्री शर्मा के निर्देश पर कबीरधाम जिला प्रशासन और जिला बोलबम समन्वय समिति ने मिलकर अमरकंटक में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, ठहराव और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशाली व्यवस्था की।

श्रद्धालु जल लेकर कवर्धा जिले के प्रमुख शिवधामों — भोरमदेव, डोंगरिया और पंचमुखी बूढ़ा महादेव — की ओर प्रस्थान कर रहे थे। कांवड़ यात्रा के इस महाकुंभ में हर हर महादेव और बोल बम के जयघोषों से वातावरण गूंज उठा। मृत्युंजय आश्रम में सावन भर चली सेवा में लगभग 150 बोलबम समितियों की भागीदारी रही। श्रद्धालुओं को दाल, भात, सब्जी, पूड़ी, खीर और हलवे का स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। साथ ही ठहरने, प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

बोलबम समन्वय समिति के श्री अनिल ठाकुर, श्री दौवा गुप्ता, श्री सुधीर केशरवानी, श्री निशांत झा और श्री मंजीत बैरागी ने इस आयोजन को उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा की जनसेवा भावना का जीवंत उदाहरण बताया। कांवड़ियों ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजनकर्ताओं के प्रति आभार और संतोष व्यक्त किया। यह आयोजन सावन मास में श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित एक अनुकरणीय पहल के रूप में याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *