रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस पर शुक्रवार को नवा रायपुर में रजत जयंती राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर राज्योत्सव का उद्घाटन किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के पांच हितग्राहियों को घरों की चाबियां सौंपी। कार्यक्रम की शुरुआत पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ी अभिवादन से की। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ के जम्मो भाई-बहनी, लइका, सियान मन ला हाथ जोड़ के जय जोहार।” अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के अंधकार से बाहर निकलकर विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा, “कुछ लोग संविधान की किताब हाथ में लेकर दिखावा करते हैं। सामाजिक न्याय के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाते हैं और दशकों तक जनता के साथ अन्याय करते रहे।”
◆ आदिवासी विकास पर केंद्रित रहा प्रधानमंत्री का संबोधन
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी समाज की विरासत और प्रगति—दोनों पर समान रूप से ध्यान दे रही है। “आदिवासी ग्राम उत्कर्ष अभियान हजारों गांवों में विकास की नई रोशनी ला रहा है। आजाद भारत में आदिवासी क्षेत्रों में 80 हजार करोड़ रुपए के पैमाने पर कभी काम नहीं हुआ। पहली बार पीएम जन मन योजना के तहत सबसे पिछड़ी जनजातियों की हजारों बस्तियों में विकास कार्य पहुंचा है।” उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा और आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास से देश को अवगत कराएगा।
◆ “नई विधानसभा लोकतंत्र का नया मंदिर”
प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को आज लोकतंत्र का नया मंदिर—नई विधानसभा मिल गई है। “अटल जी ने 25 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ की नींव रखी थी और भविष्य का सपना दिया था। आज विकास का वह बीज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है।” रजत जयंती के मौके पर उन्होंने युवाओं से अगली 25 साल की यात्रा को ‘विकास और जन सहभागिता का स्वर्णिम युग’ बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
◆ राज्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में प्रदेश में आधारभूत विकास का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा, “जहां बिजली नहीं पहुंचती थी, वहां आज इंटरनेट पहुंच गया है। “40 हजार किलोमीटर तक सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है। नए नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस-वे प्रदेश को नई रफ्तार दे रहे हैं।”“गैस सिलेंडर कभी गरीब के लिए सपना था, अब हर घर में कनेक्शन है। जल्द ही पाइप गैस से भी घर-घर गैस पहुंचेगी।”
◆ मंच से कही ये बड़ी बातें
“एक पूरी नई पीढ़ी छत्तीसगढ़ में विकसित हुई है, जो अब पूरी ताकत से प्रदेश को आगे बढ़ाएगी।”
“गरीब की दवाई, पढ़ाई, कमाई और सिंचाई—सरकार की योजनाओं के केंद्र में है। “छत्तीसगढ़ कभी सिर्फ कच्चे माल का राज्य माना जाता था, आज इंडस्ट्रियल विकास का केंद्र बन रहा है।”
◆ CM साय ने कहा– “वाजपेयी ने बनाया, मोदी संवार रहे हैं”
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को बनाया, और प्रधानमंत्री मोदी इसे संवार रहे हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 14,260 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं।
◆ पीएम के दौरे की मुख्य झलकियां
रामनामी समाज ने पीएम मोदी को पारंपरिक ‘खुमरी’ पहनाकर स्वागत किया
सत्य साईं अस्पताल में हार्ट सर्जरी से स्वस्थ हुए बच्चे को पीएम ने गले लगाया
नए विधानसभा भवन का उद्घाटन और परिसर में पौधारोपण
ट्राइबल म्यूजियम का लोकार्पण व अवलोकन
एयरपोर्ट से राज्योत्सव स्थल तक जगह-जगह स्वागत
राज्योत्सव स्थल पर पीएम मोदी को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने मोबाइल फ्लैश लाइट जलाकर अगले 25 वर्षों की नई शुरुआत का प्रतीकात्मक संकल्प भी लिया।