दुर्ग में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’, भूपेश बघेल का भाजपा पर तीखा हमला : “संविधान बदलने की साजिश रच रही है केंद्र सरकार”

दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई शहर कांग्रेस की संयुक्त पहल पर सोमवार को दुर्ग में जिला स्तरीय ‘संविधान बचाओ रैली’ का आयोजन किया गया। राजीव भवन से हिंदी भवन तक निकली इस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच से नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और संविधान को बचाने का आह्वान किया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में कहा, “आज हम जो बोल पा रहे हैं, सरकार का विरोध कर पा रहे हैं, वह सिर्फ संविधान की देन है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा इस विरोध को बर्दाश्त नहीं कर पाते। इसलिए वे संविधान को ही बदलने की सोच रहे हैं।” उन्होंने ‘जय बाबू, जय भीम, जय संविधान’ के नारे भी लगाए, जिसे उपस्थित जनसमूह ने जोरशोर से दोहराया।

न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका पर भी बोले भूपेश

भूपेश बघेल ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था – न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका – संविधान के मुताबिक आज भी काम कर रही है, लेकिन भाजपा की केंद्र सरकार उसे बदलने और कमजोर करने का प्रयास कर रही है। “यह सरकार गरीबों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के अधिकार छीनने की कोशिश में लगी है,” उन्होंने आरोप लगाया।

जातिगत जनगणना पर भी उठाया सवाल

बघेल ने जातिगत जनगणना को लेकर भाजपा के रुख पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस हमेशा से जातिगत जनगणना के पक्ष में रही है, लेकिन भाजपा ने इसका विरोध किया। अब जब चुनाव करीब आ गए और राहुल गांधी ने दबाव बनाया, तब भाजपा ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को लुभाने के लिए यह मुद्दा उठा रही है।”

ईडी, आईटी और सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप

पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि जब-जब कांग्रेस सरकार के खिलाफ बोलती है, तब उसके नेताओं के खिलाफ ईडी, आईटी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है। “भाजपा भूल जाती है कि कांग्रेस के सिपाही अंग्रेजों से लड़े थे, तो इन ‘काले अंग्रेजों’ से क्यों डरेंगे,” उन्होंने तीखा तंज कसा।

बड़ी भागीदारी, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए, जिनमें पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविंद्र चौबे, अरुण वोरा, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर , मुकेश चंद्राकर सहित अन्य कई नेता शामिल थे। रैली में भारी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *