कबीर आश्रम बेल्हारी में संतों के सानिध्य में योग साधना शिविर प्रारंभ, सत्संग और प्रवचनों से नागरिक ले रहे लाभ…

जामगांव आर । आध्यात्मिक उत्थान एवं मानसिक शांति की दिशा में ग्राम बेल्हारी के संत कबीर आश्रम में दिनांक 5 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक योग साधना शिविर एवं प्रवचन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है। इस सात्विक आयोजन में पूज्य प्रेरणा संत श्री कुमार साहेब जी एवं पूज्य संत श्री सत्यकर साहेब जी, साध्वी सहस प्रभा जी के पावन सानिध्य में श्रद्धालु जन तन-मन की शुद्धि हेतु साधना में लीन हो रहे हैं। “साधना नित्य साधना, तव कृपा से पूरी हो हमारी साधना”—इस भाव के साथ बुधवार से प्रारंभ हुआ ।
शिविर का कार्यक्रम-रूपरेखा-
सुबह 6:00 से 7:00 बजे तक योग साधना
दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक सत्संग एवं चर्चा
रात्रि 7:00 से 8:00 बजे तक प्रवचन

आश्रम के वरिष्ठ साधक सत्यकर साहेब ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आत्मिक विकास को एक साथ साधना है। संतों के सारगर्भित प्रवचनों और संत कबीर के अमृतवचनों से ग्राम बेल्हारी का वातावरण पूरी तरह से आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हो गया है। संतों ने अपने उद्बोधन में आत्मज्ञान, संयम, सेवा और साधना के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों से आह्वान किया कि वे नियमित योग, भजन, ध्यान और आत्मचिंतन से अपने जीवन को सार्थक बनाएं।

संत कबीर आश्रम बेल्हारी एवं समस्त नगरवासी बेल्हारी के सहयोग से यह कार्यक्रम प्रतिदिन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हो रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से निवेदन किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर इस पावन साधना शिविर का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *