
रायपुर। छत्तीसगढ़ मधुआ कल्याण बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सदस्यों का पदभार ग्रहण समारोह गुरुवार को रायपुर स्थित विवेकानंद सभागृह, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर, जोरा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, समाज के प्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री रामविचार नेताम रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता मंत्री केदार कश्यप ने की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद तथा छत्तीसगढ़ मधुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. लखन लाल धीवर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह में आनंद निषाद ने छत्तीसगढ़ मधुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष तथा नेतराम निषाद ने बोर्ड के सदस्य के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। अतिथियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बोर्ड मधुआ समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए प्रभावी एवं जनहितकारी कार्य करेगा। समारोह में समाज के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही। पूरे आयोजन का माहौल उत्साह, सौहार्द और समाज के विकास के संकल्प से परिपूर्ण रहा।