
SDRF और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी, बारिश के मौसम में जलप्रपातों से दूर रहने की प्रशासन ने की अपील
रायपुर । छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित प्रसिद्ध दमाऊधारा वॉटरफॉल में पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भिलाई से घूमने पहुंचे छह युवकों के समूह का एक सदस्य तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद से युवक का लगातार तलाश अभियान जारी है, लेकिन दूसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार, भिलाई निवासी छह युवक दमाऊधारा वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतीक कंवर तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव और दुर्गम स्थल होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गहरे पानी, खाई और फिसलन भरी चट्टानों के बीच लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बावजूद इसके, दूसरे दिन तक भी लापता युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के मौसम में जलप्रपातों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि मानसून के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। फिलहाल युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम युद्धस्तर पर अभियान चला रही है।