45 डिग्री की तपिश में खाकी बनी सहारा, महिला आरक्षक ने प्यास से बेहाल बुजुर्ग को पिलाया पानी !डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी की सराहना, बोले- मौसम बदलता है, पुलिस की जिम्मेदारी नहीं

45 डिग्री की तपिश में खाकी बनी सहारा, महिला आरक्षक ने प्यास से बेहाल बुजुर्ग को पिलाया पानी !डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी की सराहना, बोले- मौसम बदलता है, पुलिस की जिम्मेदारी नहीं

दुर्ग, 28 मई 2026। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच दुर्ग पुलिस की एक महिला जवान ने इंसानियत और सेवा भाव की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच ड्यूटी कर रही महिला नव आरक्षक केशर साहू ने प्यास से बेहाल एक बुजुर्ग महिला को पानी पिलाकर मानवता का परिचय दिया। घटना दुर्ग के व्यस्त राजेंद्र पार्क चौक की है, जहां तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी के बीच यातायात पुलिस अपनी ड्यूटी निभा रही थी। इसी दौरान महिला आरक्षक केशर साहू की नजर सड़क किनारे बैठी एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो गर्मी और प्यास से परेशान दिखाई दे रही थी।

बुजुर्ग महिला की हालत देखकर महिला जवान तुरंत उसके पास पहुंचीं और अपनी पानी की बोतल से उन्हें पानी पिलाया। भीषण गर्मी में राहत मिलने के बाद बुजुर्ग महिला के चेहरे पर सुकून साफ नजर आया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस मानवीय पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसके बाद तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। लोगों ने महिला आरक्षक के सेवा भाव और संवेदनशीलता की जमकर तारीफ की। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिखा कि “खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवता की पहचान भी है।”

दुर्ग यातायात पुलिस की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि पुलिस जवान सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए सबसे बड़े सहारा भी बनते हैं। लगातार बढ़ती गर्मी के बावजूद पुलिसकर्मी घंटों सड़क पर खड़े रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इस घटना पर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी महिला जवान की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “45 डिग्री की धूप हो या बरसात, मौसम बदलते रहते हैं मगर पुलिस जवान की जिम्मेदारी नहीं बदलती। डिप्टी सीएम ने महिला आरक्षक के इस सेवा भाव को पुलिस विभाग के मानवीय चेहरे की मिसाल बताया। घटना के बाद आम लोगों में भी दुर्ग पुलिस के प्रति सकारात्मक संदेश गया है और लोग इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *