दिशा कमेटी की बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा, अनियमितताओं की जांच के निर्देश ! सांसद विजय बघेल ने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर

दिशा कमेटी की बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा, अनियमितताओं की जांच के निर्देश ! सांसद विजय बघेल ने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर

(पाटन मनरेगा वृक्षारोपण कार्य में अनियमितता के आरोप पर जांच के निर्देश )

दुर्ग। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को जिला पंचायत सभागार, दुर्ग में संपन्न हुई। बैठक में जिले के समग्र विकास, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही जनप्रतिनिधियों में जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले समेत अन्य प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई।

सांसद विजय बघेल ने बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान दिशा कमेटी के नवनियुक्त सदस्य सौरभ चौबे ने पाटन क्षेत्र में मनरेगा कन्वर्जेन्स के तहत स्वीकृत वृक्षारोपण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। इस पर सांसद विजय बघेल ने मामले की जांच के निर्देश दिए, वहीं कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग से विस्तृत जानकारी तलब करते हुए जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और आवश्यकताएं रखते हुए संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित कराया। इस दौरान विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *