भिलाई।शनिवार को स्कूल छूटने के बाद स्क्रिबल डे मनाने निकले स्कूली छात्रों ने सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए जमकर हुड़दंग मचाया। बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए और एक ही बाइक पर तीन-तीन छात्र सवार होकर रैली की शक्ल में छात्र जयंती स्टेडियम पहुंचे, जहां शोर-शराबे और स्टंटबाजी से माहौल अस्त-व्यस्त हो गया।जानकारी के मुताबिक सेक्टर-10 स्थित एक स्कूल और रामनगर, भिलाई स्थित दूसरे स्कूल के छात्र दोपहर करीब 12 बजे बाइक पर नाचते-गाते, नारेबाजी करते हुए जयंती स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान कुछ छात्रों ने बुलेट बाइक से पटाखों जैसी तेज आवाजें निकालीं, जबकि एक छात्र द्वारा आतिशबाजी किए जाने का भी मामला सामने आया। स्टूडेंट्स ने रंगों की होली खेली और स्क्रिबल डे के नाम पर जमकर मस्ती की।
• सड़क जाम, राहगीरों को हुई परेशानी–
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए स्टंट कर रहे थे। जयंती स्टेडियम और भिलाई निवास की ओर जाने वाली सड़क पर छात्रों की भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और आम वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।पुलिस पहुंची तो भागने लगे छात्रहंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही छात्र घबरा गए और चारों दिशाओं में भागने लगे। कई छात्र जल्दबाजी में अपनी बाइक लेकर मौके से फरार होते नजर आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ विद्यार्थियों की गाड़ियों की चाबियां भी जब्त कर लीं।पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को सख्त समझाइश देते हुए बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का हुड़दंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना कानूनन अपराध है। समझाइश और चेतावनी के बाद छात्रों की बाइक की चाबियां वापस की गईं और उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस ने भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।