मर्रा कृषि महाविद्यालय में बालक एवं बालिका छात्रावास का लोकार्पण — सरदार पटेल के नाम पर रखा जाएगा छात्रावास, कुलपति ने दी एमएससी कक्षाएं शुरू करने की घोषणा

मर्रा कृषि महाविद्यालय में बालक एवं बालिका छात्रावास का लोकार्पण — सरदार पटेल के नाम पर रखा जाएगा छात्रावास, कुलपति ने दी एमएससी कक्षाएं शुरू करने की घोषणा

जामगांव आर। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र मर्रा में बालक एवं बालिका छात्रावास का लोकार्पण समारोह बड़े उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बालक छात्रावास का नाम ‘सरदार वल्लभभाई पटेल छात्रावास’ रखने की सहमति बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी, एवं सरदार पटेल के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात राज्य गीत और कुल गीत के साथ समारोह का आगाज़ किया गया।

मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. गिरीश चंदेल ने मर्रा महाविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि, “यह महाविद्यालय प्रदर्शन के मामले में प्रदेश के सभी कृषि महाविद्यालयों में अग्रणी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।” उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्षों में मर्रा महाविद्यालय में एमएससी की कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी, ताकि क्षेत्रीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का लाभ यहीं पर मिल सके। उन्होंने कहा कि पाटन क्षेत्र की भूमि सिंचाई सुविधा से संपन्न है, अब आवश्यकता है कि किसानों को प्रोफेशनल खेती का प्रशिक्षण दिया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय वर्मा ने कहा कि “मर्रा क्षेत्र का वैभवशाली इतिहास रहा है, और इसी की विरासत में यह महाविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। 2019 में स्कूल के कमरे से शुरू हुआ यह संस्थान अब अपनी पहचान राज्य स्तर पर बना चुका है।” विशिष्ट अतिथि डॉ. ए.के. दवे, डॉ. कपिलदेव दीपक (कुलसचिव), जनपद सदस्य दीपमाला जैन, ग्राम मर्रा के सरपंच राजा देवांगन एवं उपसरपंच सौरभ कामड़े ने भी विचार व्यक्त किए।

डॉ. दवे ने कहा कि मर्रा महाविद्यालय एक ही परिसर में सभी सुविधाओं से युक्त है और इसका प्रदर्शन अन्य महाविद्यालयों से बेहतर रहा है। डॉ. कपिलदेव दीपक ने विद्यार्थियों से कहा कि “पढ़ाई के साथ-साथ हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा बालक छात्रावास, बालिका छात्रावास, कैंटीन एवं स्वास्थ्य केंद्र का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कुलपति द्वारा एकता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘आरोहण–2025’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओ.पी. परगनिहा ने एवं आभार प्रदर्शन डॉ. सी.आर. नेताम ने किया। इस अवसर पर डॉ. शुशीला, डॉ. पूनम, डॉ. मंजू, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. नीतू स्वर्णकार, डॉ. किरण नागराज, डॉ. आशीष तिवारी, प्रवीण साहू, तरुण चंद्राकर, गीतिका पियूष, सुरेश लोखंडे, तुलाराम वर्मा, राजू वर्मा, एवं बड़ी संख्या में महाविद्यालय के कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *