दुर्ग, 14 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर स्थित Guru Ghasidas Central University परिसर (कोनी) से गौ-धाम योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिलों में इस योजना की शुरुआत वर्चुअल माध्यम से की। इस अवसर पर दुर्ग जिले के ग्राम उपरपोटी स्थित गौ-धाम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दुर्ग ग्रामीण विधायक Lalit Chandrakar सहित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गायों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा लड्डू, गुड़ और केला खिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया।
दुर्ग जिले में पंजीकृत चार गौ-धाम—उपरपोटी, बासीन, चंदखुरी और नारधा—में इस योजना के तहत गतिविधियां शुरू की गईं। विधायक ललित चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और पशुधन संरक्षण को नई दिशा देने के लिए गौ-धाम योजना शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना पशुधन की सुरक्षा और नस्ल सुधार के साथ-साथ जैविक खेती, चारा विकास और गौ-आधारित उद्योगों के माध्यम से गांवों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत निराश्रित एवं घुमंतु गौवंशीय पशुओं की देखभाल सुनिश्चित की जाएगी और चरवाहों तथा गौसेवकों को आय का स्थायी स्रोत मिलेगा, जिससे ग्रामीण जीवन में आर्थिक स्थिरता और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुर्ग कलेक्टर Abhijeet Singh ने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के कारण दुर्घटनाएं और किसानों की फसलों को नुकसान जैसी समस्याएं सामने आ रही थीं। इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए राज्य सरकार ने गौ-धाम योजना शुरू की है। उन्होंने बताया कि जिले के चारों गौ-धामों का संचालन स्थानीय समूहों के माध्यम से किया जाएगा और उन्हें अनुदान राशि भी दी जाएगी। साथ ही पशु चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि पशुओं की बेहतर देखभाल हो सके।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस योजना को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक सहयोग करें और इसे जन-आंदोलन का रूप दें। उन्होंने श्रमदान के माध्यम से गौ-धामों के संचालन और पशु संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, एसडीएम मिरी, उप संचालक डॉ. वसीम शम्स, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सरपंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।