भिलाई। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में आज विकसित कृषि संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। सांसद विजय बघेल ने भिलाई के सेक्टर-5 स्थित अपने निज कार्यालय से कृषि जागरूकता रथ को पूजा-अर्चना कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी 27 जिलों में तीन-तीन रथ वाहन भेजे जा रहे हैं, जो किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की जानकारी देंगे। दुर्ग जिले को भी तीन रथ वाहन प्रदान किए गए हैं, जो जिले के हर गांव में जाकर कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारी देंगे। बताया गया कि यह अभियान 700 जिलों में 1.5 करोड़ किसानों तक पहुँचने और 2000 से अधिक वैज्ञानिक दलों की भागीदारी के साथ कृषि नवाचार और फीडबैक डॉक्युमेंटेशन को भी प्रोत्साहित करेगा।
इस रथ के माध्यम से किसानों को मृदा परीक्षण, खेत की तैयारी, फसल चयन, बीज उपचार, उन्नत कृषि यंत्रों एवं कृषि ड्रोन का उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रयोग, जल संरक्षण, समन्वित कीट प्रबंधन और समय पर बुआई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी इन रथों के माध्यम से गांव-गांव जाकर सीधे किसानों से संवाद करेंगे।
सांसद विजय बघेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में किसानों की स्थिति में ऐतिहासिक सुधार आया है। किसान अब अधिक उपज प्राप्त कर रहे हैं और सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी स्वयं किसान हैं और किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रहे हैं। भारत सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम भी धरातल पर किसानों की भलाई के लिए कार्य कर रहे हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों की उपज को 25 क्विंटल प्रति एकड़ तक पहुँचाना है और खेती को वैज्ञानिक व लाभकारी बनाना है। इस अवसर पर कृषि संचालक संदीप भोई, प्रमुख कृषि वैज्ञानिक डॉ. विजय जैन, सुरेश अहिवारा, नगर परिषद अध्यक्ष रामानंद कुशवाहा सहित पाटन क्षेत्र के सैकड़ों किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।