भिलाई ! भिलाई स्टील प्लांट (BSP) द्वारा शहर को विशिष्ट पहचान देने के उद्देश्य से किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों के तहत जयंती स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार के पास विकसित खेल वाटिका का लोकार्पण सोमवार को किया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर सेवाएं विभाग के महाप्रबंधक प्रभारी एबी श्रीनिवास विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। नव विकसित इस वाटिका में विभिन्न खेलों को आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
वाटिका में तीरंदाजी, हॉकी, क्रिकेट, तैराकी, मुक्केबाजी, जिम्नास्टिक, साइक्लिंग, बास्केटबॉल, कुश्ती, भाला फेंक, भारोत्तोलन और टेनिस जैसे खेलों की कलात्मक झलक देखने को मिलती है। इसका उद्देश्य युवाओं और खेल प्रेमियों को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनमें रुचि बढ़ाना है। इस मौके पर बीएसपी के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें विष्णु पाठक, राजेंद्र प्रसाद, सरोज झा, विवेक गुप्ता, वाई. उमाशंकर, वीवी श्रीधर, सौमिक डे, अंकुर मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, राघवेंद्र गर्ग, रेमी थॉमस और कमरुद्दीन सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। बीएसपी प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के प्रयासों से न केवल शहर का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि युवाओं में खेल भावना को भी प्रोत्साहन मिलेगा।