दुर्ग, 5 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 4 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में सामने आए 26 संक्रमित मरीजों में से 16 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 10 मरीजों का उपचार जारी है। लगातार नए मामले सामने आने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है और संक्रमित मरीजों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री जुटा रहा विभाग
स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमित पाए गए मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। इसका उद्देश्य संक्रमण के संभावित स्रोत का पता लगाने के साथ संपर्क में आए लोगों की पहचान करना है। जरूरत के अनुसार संक्रमित मरीजों को आइसोलेट किया जा रहा है तथा संपर्क में आए लोगों की निगरानी और क्वारंटाइन की प्रक्रिया भी तेज की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने और स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।
प्रदेश में 205 स्वाइन फ्लू पॉजिटिव
दुर्ग के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं। उपलब्ध स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य में 47 नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 205 हो गई है।
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में जांच, दवाइयों और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की जा रही है। वहीं, पिछले 20 दिनों में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के भी 4 नए मामले सामने आए हैं। स्वाइन फ्लू और कोरोना के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।