छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ा अपडेट, रिक्त पदों की विभागवार समीक्षा

छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ा अपडेट, रिक्त पदों की विभागवार समीक्षा

रायपुर, 5सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के रिक्त पदों को भरने और भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने की दिशा में सरकार ने कवायद तेज कर दी है। मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) के माध्यम से संचालित भर्ती परीक्षाओं तथा विभागों द्वारा भेजे गए इंडेंट यानी मांग पत्रों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से प्राप्त सहमति, पूर्व में विज्ञापित पदों की स्थिति और अब तक की गई नियुक्तियों का भी ब्योरा अधिकारियों से मांगा।

2027 में संभावित भर्तियों पर भी चर्चा

बैठक में वर्ष 2027 के लिए संभावित सरकारी भर्तियों को लेकर भी मंथन किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में भर्ती नियमों को अद्यतन करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और विभागों की आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों को भरने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भर्ती नियमों को समय पर अपडेट करने पर जोर

समीक्षा बैठक में भर्ती नियमों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन समय पर किए जाएं, ताकि रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो। सरकार का फोकस वर्तमान रिक्तियों की स्थिति स्पष्ट करने के साथ-साथ आने वाले वर्षों में संभावित भर्तियों के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने पर है। इससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और चयन मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *