इंडो-नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का दबदबा, 34 स्वर्ण और 27 रजत पदक जीतकर बना ओवरऑल चैंपियन

इंडो-नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का दबदबा, 34 स्वर्ण और 27 रजत पदक जीतकर बना ओवरऑल चैंपियन

पोखरा में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, नेपाल और बांग्लादेश को छोड़ा पीछे-देश लौटने पर खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन में फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत
रायपुर, 21 जून 2026। नेपाल के पोखरा में आयोजित प्रथम इंडो-नेपाल ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 34 स्वर्ण और 27 रजत पदक अपने नाम किए। इस दमदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। नेपाल फेडरेशन एवं पीसीए स्पोर्ट्स मैनेजमेंट नेपाल के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून से 18 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश सहित कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच भारतीय टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। मेजबान नेपाल दूसरे और बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में खेलो ताइक्वांडो यूथ स्पोर्ट्स फेडरेशन के 61 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में भाग लिया। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल पदक जीते, बल्कि भारत को ओवरऑल चैंपियन बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। परिजनों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।

फेडरेशन के अध्यक्ष बाबा पात्रे, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार यादव (मध्य प्रदेश), इंटरनेशनल ताइक्वांडो मास्टर गणेश सागर, रिमझिम गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार सफलता भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर का अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ खेल के विकास को भी नई दिशा देते हैं। भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने देश का मान बढ़ाने के साथ ताइक्वांडो खेल के प्रति युवाओं का उत्साह भी बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *