भारत-न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज का रोमांच अब रायपुर में, दूसरा मैच 23 जनवरी को

रायपुर। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का गवाह बनने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एपेक्स कमेटी ने भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाएंगे। खास बात यह है कि इस सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला 23 जनवरी 2026 को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

यह रायपुर के स्टेडियम में आयोजित होने वाला चौथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होगा। इससे पहले वर्ष 2023 में यहां जनवरी माह में भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैच हुआ था और 1 दिसंबर 2023 को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टी-20 मुकाबला खेला गया था। इस वर्ष 3 दिसंबर को भी रायपुर को एक वनडे मैच की मेजबानी मिली है।

भारत-न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज कार्यक्रम इस प्रकार है:

पहला मैच: 21 जनवरी 2026 – नागपुर

दूसरा मैच: 23 जनवरी 2026 – रायपुर

तीसरा मैच: 25 जनवरी 2026 – गुवाहाटी

चौथा मैच: 28 जनवरी 2026 – विशाखापट्टनम

पांचवां मैच: 31 जनवरी 2026 – तिरुवनंतपुरम

रायपुरवासियों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। क्रिकेट प्रशंसक एक बार फिर अपने चहेते सितारों को मैदान में खेलने का मौका देखने के लिए आतुर हैं। राज्य खेल विभाग और स्टेडियम प्रबंधन ने इस आयोजन की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं ताकि दर्शकों को बेहतरीन अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *