जामगांव आर । पाटन ब्लॉक के ग्राम सुरपा (बेल्हारी) में यंग स्टार कबड्डी क्लब और ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयास से आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि वे अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ें तो सफलता निश्चित है। खेल हमारे जीवन में अनुशासन, संघर्ष और एकजुटता की भावना को मजबूत करता है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का प्रयास हुआ, जिसका लाभ आज हमारे ग्रामीण अंचलों को भी मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले कबड्डी खुले मैदानों में होती थी जहां चोटिल होने का डर बना रहता था, लेकिन आज खेल मेट पर सुरक्षित वातावरण में हो रहा है, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच चंद्रहास साहू ने की। उन्होंने कहा कि कबड्डी प्रतियोगिता जैसे आयोजन ग्रामवासियों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करते हैं। हमारे गांव की परंपरा रही है कि त्योहारों और आयोजनों के जरिए समाज को जोड़ा जाए और यही सिलसिला आगे भी जारी रहना चाहिए। उपसरपंच तेजराम देवांगन ने कहा कि खेल स्वस्थ जीवन की कुंजी है और युवाओं को खेलों में भाग लेकर अपना भविष्य संवारना चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति को इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
विशेष अतिथि के रूप में पुनाराम सिन्हा, रूपचंद देवांगन, चंद्रभान साहू, प्रद्युमन ठाकुर, डेमन लाल साहू और लिलेश यदु मंच पर उपस्थित थे। इस अवसर पर टुकेश देवांगन, विवेक सिन्हा, निहाल देवांगन, खेमराज साहू, ओंकार यादव, काव्य देवांगन, चंदन सिन्हा, दानेश देवांगन, इशांत साहू, राजा ठाकुर, विवेक नारंग, संस्कार देवांगन, चम्पेश्वर सिन्हा, गुलशन देवांगन, सूर्यकुमार ठाकुर सहित आयोजन समिति और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।