
रानीतराई। स्वर्गीय दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य चंदन गोस्वामी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए परिवेश, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) तथा महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, अतिविशिष्ट अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष निर्मल जैन, विशेष अतिथि ग्राम रानीतराई के सरपंच सत्यनारायण टिकरिहा तथा विधायक प्रतिनिधि भविष्य जैन उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्य तरुण साहू, संजय यादव, ईश्वर यादव, प्रेमलता चंद्राकर एवं भगवती साहू सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।
मौके पर मुख्य अतिथि कमलेश साहू ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय उन्हें केवल किसी विषय का विशेषज्ञ बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में भी तैयार करेगा। अतिविशिष्ट अतिथि निर्मल जैन ने कहा कि विद्यार्थियों और महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों के सहयोग से संस्थान निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। यहां विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य चंदन गोस्वामी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश के साथ ही विद्यार्थी जीवन के एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं। उच्च शिक्षा का यह विस्तृत और स्वतंत्र वातावरण उनके दृष्टिकोण, ज्ञान और व्यक्तित्व को नया आयाम प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और सही दिशा में निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। विधायक प्रतिनिधि भविष्य जैन ने कहा कि स्कूली शिक्षा के सुरक्षित और सीमित दायरे से निकलकर जब विद्यार्थी महाविद्यालय में प्रवेश करता है, तो उसे अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व को पूर्ण रूप से विकसित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां प्रदान की गईं। इसमें NEP से जुड़े विभिन्न शब्दों, पाठ्यक्रम, क्रेडिट सिस्टम, मूल्यांकन पद्धति तथा संकायवार शैक्षणिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रेड क्रॉस, रेड रिबन सहित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन, शिक्षा व्यवस्था और भविष्य की संभावनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।