रायपुर, 13 दिसंबर 2025। परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने और सकारात्मक तैयारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परीक्षा पे चर्चा 2026 का आयोजन जनवरी 2026 में किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक इंटरैक्टिव मंच है, जिसमें देश-विदेश के विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक परीक्षा संबंधी अनुभवों, चुनौतियों और समाधान पर संवाद करते हैं। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए MyGov पोर्टल (innovateindia1.mygov.in) पर रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं, जिनकी अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम की श्रृंखला का यह नौवां संस्करण होगा। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक ऑनलाइन डब्बा-आधारित (competition-based) प्रतियोगिता के माध्यम से भाग ले सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर प्रधानमंत्री स्वयं देंगे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मंच के जरिए विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर परीक्षा के तनाव को कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और लक्ष्य-आधारित तैयारी के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, वे अभिभावकों और शिक्षकों से भी बातचीत करेंगे, ताकि वे बच्चों के सपनों और लक्ष्यों को पूरा करने में सहयोग कर सकें तथा परीक्षा के दबाव से निपटने में उनकी मदद कर सकें।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थी और उन्हीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के अभिभावक रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागी सर्टिफिकेट डाउनलोड करने की सुविधा भी प्राप्त कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि पीपीसी 2025 के आठवें संस्करण में देश और विदेश से रिकॉर्ड संख्या में पंजीकरण हुए थे, जो विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में कार्यक्रम की सफलता को दर्शाता है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक अपने प्रश्न अधिकतम 500 शब्दों में तैयार कर सकते हैं। प्रश्न अपलोड करने की सुविधा भारत सरकार के पोर्टल innovateindia1.mygov.in पर उपलब्ध है। प्रश्न अपलोड करने की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से प्रारंभ हो चुकी है और प्रतिभागी 11 जनवरी 2026 तक अपने प्रश्न जमा कर सकते हैं।