रायपुर। धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सरल, सुगम एवं किसान-अनुकूल बनाने की दिशा में साय सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है जिसके तहत अब ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल ऐप 24 घंटे, सातों दिन उपलब्ध रहेगा, जिससे किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय धान विक्रय हेतु टोकन बुक कर सकेंगे। इसके साथ ही टोकन बुकिंग में निर्धारित समय सीमा की बाध्यता को समाप्त कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार नई व्यवस्था के तहत किसानों को 13 जनवरी तक 20 दिनों का एडवांस टोकन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, 2 एकड़ एवं उससे कम रकबा वाले किसानों को 31 जनवरी तक अतिरिक्त समय देने का प्रावधान किया गया है, ताकि छोटे और सीमांत किसान बिना किसी दबाव के अपनी फसल का विक्रय कर सकें।
इस निर्णय से धान खरीदी केंद्रों पर भीड़ कम होगी, सर्वर पर पड़ने वाला दबाव घटेगा और तकनीकी समस्याओं से भी किसानों को राहत मिलेगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन बुकिंग की 24×7 सुविधा से पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगी। किसान संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे धान विक्रय प्रक्रिया को सहज बनाने की दिशा में एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया है।