“मासूम बने तस्करी का हथियार ! 1250 रुपये में बच्चों के पेट पर बांधा गया गांजा, रायपुर स्टेशन पर बड़ा खुलासा”

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर नाबालिग बच्चों के जरिए गांजा तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। तस्करों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए बेहद खतरनाक और अमानवीय तरीका अपनाते हुए मासूम बच्चों को ही तस्करी का जरिया बना दिया। जानकारी के अनुसार, ओडिशा के खरियार रोड क्षेत्र से संचालित इस गिरोह ने बच्चों के पेट पर पहले तौलिया लपेटा और फिर उसके ऊपर गांजा रखकर टेप से कसकर बांध दिया, ताकि किसी को शक न हो। इसके बदले बच्चों को मात्र 1250 रुपये का लालच दिया गया था। मासूमों को यह तक पता नहीं था कि वे एक बड़े अपराध का हिस्सा बन रहे हैं।

मामले का खुलासा तब हुआ जब यात्रियों को बच्चों की संदिग्ध गतिविधियां और उनकी असहज हालत पर शक हुआ। सूचना मिलने पर Government Railway Police (GRP) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चों को अपने कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान उनके पेट से गांजा बंधा मिला, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बताया जा रहा है कि बच्चे जुनागढ़ पैसेंजर ट्रेन से रायपुर पहुंचे थे और यहां से उन्हें भगत की कोठी एक्सप्रेस के जरिए मध्यप्रदेश के रायसेन भेजने की योजना थी। इससे यह साफ होता है कि यह मामला एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *