जामगांव आर । मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के दूसरे चरण में अंतर्गत जिपं सभापति कल्पना नारद साहू ने शनिवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बेल्हारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्राचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। परीक्षा अवधि के कारण विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या कम रही, किंतु उपस्थित छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम, पढ़ाई, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण में शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का पूर्ण सहयोग देखने को मिला तथा आपसी समन्वय की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। सभापति कल्पना ने शाला में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर शिक्षा गुणवत्ता में निरंतर सुधार और नवाचार पर जोर दिया तथा निरीक्षण से संतुष्ट होकर विद्यालय को पुनः क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ शासकीय विद्यालय के रूप में स्थापित होने की आशा व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत किए गए सामाजिक अंकेक्षण के आधार पर जिले के 188 विद्यालय डी-ग्रेड में चिन्हित किए गए हैं। राज्य कार्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार इन विद्यालयों का 15 दिसंबर तक विद्या समीक्षा केंद्र (VSR) एप के माध्यम से दो बार निरीक्षण किया जाना अनिवार्य है। इसी क्रम में जिला पंचायत सभापति कल्पना साहू द्वारा उक्त विद्यालय का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष मनीष चंद्राकर, प्राचार्य रीना चौधरी, संकुल समन्वयक चंद्रशेखर देवांगन,रामसिंह बंसोडकेके जायसवाल, अभिषेक सेन आदि उपस्थित रहे।