
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल और मेडिकल सप्लाई से जुड़े मामलों की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। राजधानी रायपुर में टीम ने शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर के घर दबिश दी। वहीं, VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर भी अधिकारियों ने जांच की। राजधानी रायपुर में तीन से चार स्थानों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। अलग-अलग मामलों से जुड़े इन ठिकानों पर अधिकारी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रहे हैं।
VIP स्टेट में कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर पहुंची टीम
रायपुर के VIP स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर EOW की टीम पहुंची। यह कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। अधिकारियों ने आवास पर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की। हालांकि, अब तक इस कार्रवाई में किसी तरह की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अनवर ढेबर के घर भी छापा
शराब घोटाले के मामले में चर्चा में रहे अनवर ढेबर के आवास पर भी EOW की टीम ने दबिश दी। जांच एजेंसी की कार्रवाई के दौरान संबंधित दस्तावेजों और साक्ष्यों की पड़ताल की गई। छापे में क्या-क्या मिला और जांच का दायरा कितना बड़ा है, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
बिलासपुर और राजनांदगांव तक पहुंची जांच
रायपुर के अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव सहित अन्य जिलों में भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई की जानकारी मिली है। ये कार्रवाई छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) और कोल मामले से संबंधित बताई जा रही है। अलग-अलग टीमों द्वारा दस्तावेजों की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल EOW, ACB और ED की अलग-अलग जांचों से जुड़े मामलों में कार्रवाई का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। एजेंसियों की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी होने के बाद ही छापों के दायरे, कार्रवाई के आधार और बरामद सामग्री की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।