
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में आज (30 अक्टूबर) भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के समर्थन में पदयात्रा निकाली जाएगी। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे महेश कॉलोनी में सभा के साथ होगी। इसके बाद भाजपा की पदयात्रा निकाली जाएगी, जो करीब एक किलोमीटर का सफर तय करते हुए महेश चौक पहुंचेगी। यहां पदयात्रा का समापन होगा और सभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान नेताओं की ओर से SIR और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर लोगों को जानकारी दी जाएगी।
मतदाता सूची को अपडेट रखने पर रहेगा जोर
भाजपा इस पदयात्रा के माध्यम से मतदाता सूची को सही और अद्यतन रखने के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक करेगी। पार्टी का कहना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए, जबकि अपात्र नामों को निर्धारित नियमों के अनुसार हटाया जाना चाहिए। SIR को लेकर लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम न रहे, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी सही जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदयात्रा के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उसके उद्देश्य और महत्व के बारे में बताया जाएगा।
कार्यकर्ताओं को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर दुर्ग में भाजपा नेताओं की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ व्यवस्थाओं और जनसंपर्क की जिम्मेदारी अलग-अलग कार्यकर्ताओं को सौंपी गई। कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, ट्रैफिक एडवायजरी जारी
भाजपा की पदयात्रा और संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। 30 अक्टूबर को दिनभर दुर्ग शहर में भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सामान्य दिनों में दोपहर 12 से 2 बजे तक नो-एंट्री में मिलने वाली छूट भी आज लागू नहीं होगी। प्रतिबंधित मार्गों में गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा से जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा महमारा रोड शामिल हैं। इसके अलावा कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक भी भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक रहेगी। निर्धारित मार्गों पर भारी वाहन खड़े करने के साथ ही सड़क किनारे दुकानें और ठेले लगाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक एडवायजरी का पालन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।