जामगांव (आर)। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित जामगांव (आर) में कर्मचारियों के लगातार अनुपस्थित रहने पर समिति प्रबंधन ने जांच की प्रक्रिया प्रारंभ की है। समिति के अध्यक्ष भगवान सिंह चंद्राकर एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक जामगांव (आर) के शाखा प्रबंधक ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। समिति द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि कर्मचारी 15 अक्टूबर 2025 से बिना अनुमति अनुपस्थित हैं, जिससे समिति के नियमित कार्य जैसे किसानों को ऋण वितरण, खाद-बीज वितरण एवं खाताबही अद्यतन में बाधा उत्पन्न हो रही है। साथ ही आगामी धान खरीदी की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
समिति ने कर्मचारियों को 15 नवंबर 2025 तक कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्राप्त न होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सूचना की प्रति सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं दुर्ग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक पाटन एवं अन्य अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।
इस बीच, छत्तीसगढ़ सहकारी समिति महासंघ रायपुर एवं समर्थन मूल्य धान खरीदी कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ के बैनर तले 3 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल अब भी जारी है। नोटिस मिलने के बाद भी कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने से इनकार कर दिया है।
◆ महासंघ ने अपनी चार सूत्रीय प्रमुख मांगें रखी हैं–
- मध्यप्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ की समितियों को प्रतिवर्ष 3 लाख रुपये प्रबंधनिक अनुदान।
- सेवा नियम 2018 में संशोधन कर पुनरीक्षित वेतनमान लागू करना।
- धान खरीदी वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के समस्त सुरक्षा व्यय, कमीशन, खाद-बीज व फसल बीमा का भुगतान।
- वर्ष 2025-26 से कंप्यूटर ऑपरेटरों के नियमित नियोजन की व्यवस्था।
हड़ताल से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
◆ हड़ताल में शामिल कर्मचारी:
कुमारी लक्ष्मी कुलदीप, सहायक समिति प्रबंधक रमेश कुमार साहू, लेखपाल नरेश कुमार यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर कुलेश्वर यादव, टोमेश साहू, खुशहाल साहू, तामेश्वर जोशी, हेमा चंद्राकर एवं शिवा राव सहित सभी कर्मचारी शामिल हैं।