जेल तिराहा अब अटल चौक के नाम से जाना जाएगा,सांसद विजय बघेल ने किया भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण

दुर्ग। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर दुर्ग शहरवासियों को एक नई सौगात के रूप में अटल परिसर चौक प्राप्त हुआ। सुशासन दिवस के अवसर पर सुवा चौक स्थित नवनिर्मित अटल परिसर प्रांगण में आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल के करकमलों से सम्पन्न हुआ। अब जेल तिराहा क्षेत्र को अटल परिसर के नाम से जाना जाएगा। राज्य के 115 शहरों में निर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के तेलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री विजय बघेल रहे। विशिष्ट अतिथियों में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, नगर निगम आयुक्त श्री सुमित अग्रवाल, सभापति श्री श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण सहित श्रीमती तृप्ति चंद्राकर, श्री सुरेंद्र कौशिक एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद श्री विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की वाणी, उनकी कविताएँ और उनके विचार आज भी राष्ट्र को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वर्ष देश के लिए रजत जयंती का वर्ष है और अटल जी ने अपने नेतृत्व में देश को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने जानकारी दी कि आज देशभर में 115 स्थानों पर अटल जी की प्रतिमाओं का अनावरण किया जा रहा है। साथ ही सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें लगभग 1500 खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि अटल जी एक महान राष्ट्रनेता, कवि और पत्रकार थे। वे पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री रहे जिन्होंने मानवीय मूल्यों के साथ राष्ट्रसेवा की। उनके निर्णय कठोर लेकिन जनकल्याणकारी थे। उन्होंने आधारभूत संरचना और परिवहन विकास के क्षेत्र में दूरदर्शी पहल की। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस चौक को अटल बिहारी वाजपेयी चौक के नाम से भी जाना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *