
जामगांव आर । शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) ने NAAC एवं यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित बेस्ट प्रैक्टिस के तहत समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में प्रेरणादायी पहल की। महाविद्यालय परिवार ने दुर्ग स्थित समाजसेवी संस्था सेवा भारती मातृ छाया को आवश्यक उपयोगी सामग्री भेंट कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस सेवा कार्य के दौरान प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने संस्था की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आटा, लैक्टोजन पाउडर, स्टेशनरी सामग्री, वस्त्र, चॉकलेट, खिलौने सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की।
प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनमें सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा भाव और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इसी उद्देश्य से महाविद्यालय परिवार ने इस सेवा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। गौरतलब है कि सेवा भारती मातृ छाया संस्था अनाथ एवं परित्यक्त नवजात शिशुओं के संरक्षण, पालन-पोषण और समुचित देखभाल का कार्य करती है। संस्था छत्तीसगढ़ की सात शाखाओं के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के सुरक्षित भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुधीर हिषिकर ने महाविद्यालय परिवार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के प्राध्यापक रजनीश तिवारी ने भविष्य में भी संस्था को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर डॉ. संतोष पांडे, ऐश्वर्य ठाकुर, डॉ. नरेश धर दीवान एवं डॉ. आबिद हसन खान का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम ने महाविद्यालय की सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को एक बार फिर उजागर किया।