जशपुर में बाढ़ बनी ‘ग्राहक’! शराब दुकान में घुसा नदी का पानी, पूरा स्टॉक तबाह

जशपुर में बाढ़ बनी ‘ग्राहक’! शराब दुकान में घुसा नदी का पानी, पूरा स्टॉक तबाह

नदी का पानी शराब दुकान में घुसा, सैकड़ों बोतलें टूटीं, लाखों का नुकसान
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आई बाढ़ ने एक अंग्रेजी शराब दुकान को भारी नुकसान पहुंचाया। बगीचा नगर में डोड़की नदी के किनारे स्थित शराब दुकान में बाढ़ का पानी घुसने से सैकड़ों शराब और बीयर की बोतलें टूट गईं, फ्रीजर पानी में डूब गए और दुकान का पूरा परिसर अस्त-व्यस्त हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, डोड़की नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ का पानी सीधे दुकान के भीतर पहुंच गया। पानी के तेज बहाव और अफरा-तफरी के बीच रैक में रखी शराब और बीयर की बोतलें टूट गईं। दुकान से लगे अहाता सेंटर में भी घुटनों तक कीचड़ भर गया, जिससे संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का निरीक्षण किया। विभाग द्वारा टूटी हुई बोतलों, खराब हुए फ्रीजर तथा अन्य सामान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, डोड़की नदी के किनारे होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन इस बार बाढ़ का पानी सीधे शराब दुकान तक पहुंच गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। पानी उतरने के बाद दुकान और परिसर में जमा कीचड़ हटाने का कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *