जशपुर जम्बूरी 2026 में दिखेगा रोमांच, साहसिक खेल और जनजातीय संस्कृति का अनूठा संगम; राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर चमकेगा जशपुर,रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून, कयाकिंग और ट्रेकिंग जैसी गतिविधियां बनेंगी प्रमुख आकर्षण।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, रोमांचक पर्यटन और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में जशपुर जम्बूरी 2026 का आयोजन महत्वपूर्ण पहल बनने जा रहा है। इस आयोजन में साहसिक खेलों, प्रकृति पर्यटन, जनजातीय कला-संस्कृति और पारंपरिक खानपान का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जशपुर की खूबसूरत वादियों, पहाड़ों, झरनों और वन संपदा से देशभर के पर्यटकों एवं युवाओं को परिचित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं के विकास और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के प्रयासों के तहत जशपुर जम्बूरी का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से जशपुर को साहसिक एवं प्रकृति पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

साहसिक खेलों से रोमांचित होंगे पर्यटक

जशपुर जम्बूरी 2026 में रॉक क्लाइंबिंग, जिपलाइन, हॉट एयर बैलून और विभिन्न एडवेंचर गेम्स प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही कयाकिंग और बोटिंग जैसी जल क्रीड़ा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और पर्यटकों को रोमांच एवं साहसिक खेलों का अनुभव मिलेगा।

ट्रेकिंग, नेचर वॉक और बर्ड वॉचिंग का मिलेगा अवसर

प्रकृति प्रेमियों के लिए आयोजन में ट्रेकिंग, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग और प्रकृति फोटोग्राफी जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों को जशपुर के हरे-भरे जंगलों, पहाड़ियों और जैव विविधता को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा साइकिलिंग, तीरंदाजी, रस्साकशी और पारंपरिक ग्रामीण खेलों की प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

जनजातीय कला-संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों की दिखेगी झलक

जम्बूरी में जशपुर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और स्थानीय परंपराओं को विशेष स्थान दिया जाएगा। आयोजन स्थल पर जनजातीय कला, बांस शिल्प, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं छत्तीसगढ़ी एवं जनजातीय पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल पर्यटकों को स्थानीय स्वाद से परिचित कराएंगे। टेंट कैंपिंग, बोनफायर और सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से पर्यटकों को प्रकृति के बीच मनोरंजन के साथ जनजातीय जीवनशैली, लोककला और परंपराओं को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच भी उपलब्ध होगा।

स्थानीय युवाओं और महिला समूहों के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर

जशपुर जम्बूरी का उद्देश्य केवल पर्यटन और मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देना है। आयोजन से स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, होमस्टे संचालकों, हस्तशिल्प कलाकारों, छोटे व्यवसायियों और पर्यटन सेवाओं से जुड़े लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना है। पर्यटकों की भागीदारी से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और पर्यटन सेवाओं को व्यापक बाजार मिल सकेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

मयाली और देशदेखा को मिलेगी नई पहचान

प्राकृतिक सौंदर्य, झरनों, पहाड़ियों और वन संपदा से समृद्ध जशपुर जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। जशपुर जम्बूरी के माध्यम से मयाली और देशदेखा सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विशेषताओं को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य जशपुर को साहसिक एवं प्रकृति पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के साथ ही यहां की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण को भी प्रोत्साहित करना है।

जशपुर जम्बूरी 2026 प्रकृति, रोमांच, साहसिक खेल और जनजातीय संस्कृति को एक मंच पर लाने वाला आयोजन होगा। इससे जशपुर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच और रोजगार की संभावनाओं को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *