रायपुर। छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस साझेदारी से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर 23 नवंबर को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक का युग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने की क्षमता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल जानकारी नहीं देता, बल्कि उनमें सोचने, समझने, प्रश्न करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी विकसित करता है। एआई तकनीक शिक्षकों की इस महत्वपूर्ण भूमिका को और प्रभावी बनाने में सहायक होगी। इसके माध्यम से प्राध्यापक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, जटिल विषयों को सरल तरीके से समझाने, बेहतर पाठ योजनाएं बनाने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन एवं फीडबैक तथा शोध कार्यों में नई संभावनाओं का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे विविध भाषाई, सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में एआई तकनीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसका लाभ केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महाविद्यालयों एवं विभागीय कार्यालयों के गैर-शिक्षकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी मिलेगा। पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के विश्लेषण और कार्यालयीन कार्यों में एआई के उपयोग से समय की बचत के साथ कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों तथा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री वर्मा ने एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक से प्राप्त प्रत्येक जानकारी सही हो, यह आवश्यक नहीं है। इसलिए किसी भी सूचना का शैक्षणिक अथवा प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका परीक्षण और सत्यापन जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों एवं अधिकारियों से तकनीकी बदलाव को सकारात्मक रूप से अपनाने और अपने संस्थानों में नवाचार की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि गूगल फॉर एजुकेशन के साथ यह साझेदारी छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में तकनीकी नवाचार के नए अवसर खोलेगी तथा शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक दक्षता को नई दिशा प्रदान करेगी।कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) ईशा पोरवाल जैन सहित उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।