महतारी वंदन योजना की जुलाई किश्त जारी — 69 लाख महिलाओं को ₹647.66 करोड़ की आर्थिक सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में चल रही महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आज जुलाई माह की सत्रहवीं किश्त जारी कर दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश की 69.23 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में कुल ₹647.66 करोड़ की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से अंतरित की गई है।

मार्च 2024 में शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत अब तक 17 महीनों में कुल ₹11081.68 करोड़ की राशि छत्तीसगढ़ की महिलाओं को प्रदान की जा चुकी है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना है। योजना में 21 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा एवं परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह ₹1000 की राशि दी जा रही है।

महिलाएं योजना संबंधी जानकारी और भुगतान विवरण के लिए महतारी वंदन पोर्टल (mahtarivandan-cgstate-gov-in) या मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकती हैं। ऐप प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इच्छुक लाभार्थी यदि योजना का लाभ नहीं लेना चाहते, तो पोर्टल पर जाकर “लाभ त्याग” विकल्प चुन सकते हैं।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन हितग्राहियों के खाते DBT इनेबल नहीं हैं, उन्हें तुरंत बैंक जाकर आधार सीडिंग करानी चाहिए, अन्यथा राशि वापस लौट रही है। इस बारे में हितग्राहियों को SMS के माध्यम से भी सूचना दी जा रही है। किसी भी प्रकार की समस्या के लिए हितग्राही पोर्टल पर “शिकायत करें” सेक्शन में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *