“शहीदों की शौर्यगाथा से गूंजा परिसर — जामगांव आर महाविद्यालय में मनाया गया कारगिल विजय दिवस, विद्यार्थियों ने लिया ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प”

जामगांव आर । शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में कारगिल विजय दिवस देशभक्ति के भाव से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को मौन श्रद्धांजलि देकर की गई, जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में शहीद डोमेश्वर के ज्येष्ठ भ्राता चूरामन साहू, पूर्व सैनिक लोमश यादव, ओ.पी. साहू एवं सी.के. साहू ने गरिमामयी उपस्थिति दी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ देशभक्ति गीतों और वीरता के नारों से वातावरण को ओजपूर्ण बना दिया। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए वीर सपूतों ने कारगिल युद्ध के दौरान के अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को सेना में सेवा हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में दर्शन अकादमी के संयोजक चूरामन साहू एवं सी.के. साहू ने अग्निवीर योजना, जनरल ड्यूटी तथा अन्य सैन्य सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देकर कैरियर गाइडेंस भी दिया।

प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों को ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के भाव से अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की प्रेरणा दी। अंत में कारगिल शहीदों के सम्मान में महाविद्यालय परिसर में एक पौधा रोपित किया गया और उसकी रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन रा.से.यो. प्रभारी चेतना सोनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अरुणेंद्र तिवारी ने देशभक्ति कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस आयोजन में सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी—जया रानी, श्रद्धा, जानकी, दिव्या, अनिल, प्रवीण, सरिता, खुशी, ईशा, नीता, लिलिमा—ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *