कांग्रेस में बढ़ती कलह पर केदार कश्यप का प्रहार : बोले—नेता ही नहीं मान रहे बैज को, इसलिए सड़क पर उतरना पड़ रहा’‘नेतृत्व संकट से जूझ रहा कांग्रेस ’

कांग्रेस में बढ़ती कलह पर केदार कश्यप का प्रहार : बोले—नेता ही नहीं मान रहे बैज को, इसलिए सड़क पर उतरना पड़ रहा’‘नेतृत्व संकट से जूझ रहा कांग्रेस ’

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी में गुटबाजी इस कदर बढ़ गई है कि उसके नेता अपने ही नेतृत्व को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज पर निशाना साधते हुए कहा कि बैज की असली लड़ाई पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव से है, न कि सरकार से। श्री कश्यप 20 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित स्वदेशी मेले के समापन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व संकट चरम पर है। “कांग्रेस के लोग अपने ही नेता का नेतृत्व नहीं मान रहे। मजबूरी में दीपक बैज को सड़क पर उतरकर अपनी बात कहनी पड़ रही है। कद बढ़ाने वे बाइक रैली निकालने पर मजबूर हैं,” उन्होंने कहा।
•पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर लगे आरोप
मंत्री कश्यप ने पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उस समय सड़क और अन्य विकास कार्य ठप पड़े थे। “सीएम विष्णुदेव साय की सरकार इन कमियों को दूर कर रही है। निर्माण कार्यों के दौरान थोड़ी अव्यवस्था होना स्वाभाविक है,” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में फूट स्पष्ट दिख रही है और आदिवासी नेताओं की स्थिति भी कमजोर है। “सभी गांधी परिवार की अंधभक्ति में डूबे हैं। पार्टी की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है,” कश्यप ने टिप्पणी की।
धान खरीदी: 1 लाख मीट्रिक टन खरीदी का दावा
धान खरीदी में अव्यवस्था के मुद्दे पर वन मंत्री ने कहा कि किसानों के 100% धान की खरीदी सुनिश्चित की जा रही है। अभी तक 1 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। उन्होंने बताया कि ऑपरेटरों के धरने के बावजूद कई वापस काम पर लौट आए हैं, जिससे व्यवस्था सुधर रही है।
बिजली बिल में राहत और ‘सूर्य घर’ योजना
मंत्री कश्यप ने कहा कि सरकार नागरिकों को राहत देने के लिए 200 यूनिट बिजली खपत पर रियायत दे रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ‘सूर्य घर’ योजना से उपभोक्ता बिजली बचत के साथ अतिरिक्त उत्पादन से लाभ भी कमा सकते हैं।
स्वदेशी अपनाने का आह्वान
स्वदेशी मेले के समापन मौके पर मंत्री कश्यप ने देश के आर्थिक विकास के लिए स्वदेशी उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी को आर्थिक सुदृढ़ता का मंत्र बताया है। देश के कारीगरों ने अपने उत्पादों से भारत का गौरव बढ़ाया है। सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी छत्तीसगढ़ी में संबोधित करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाना परिवार और समाज के सम्मान से शुरू होता है। वहीं बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ‘स्व’ के भाव के साथ आत्मनिर्भरता ही देश को मजबूत बनाएगी।
मेले में भारी भीड़, घरेलू उत्पादों की जमकर बिक्री
सात दिवसीय स्वदेशी मेले में घरेलू अचार, पापड़, बिस्किट, आंवले का मुरब्बा, गौशाला निर्मित धूपबत्ती और टेरेकोटा सामग्री की जमकर बिक्री हुई। समापन दिवस पर उमड़ी भीड़ और सीपत रोड पर लगे लंबे जाम ने साबित किया कि लोगों में स्वदेशी उत्पादों के प्रति उत्साह बढ़ रहा है।
केश सज्जा प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र
गुरुवार को आयोजित केश-सज्जा प्रतियोगिता में महिलाएं, युवतियां और मूक-बधिर बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इंगेजमेंट ब्राइडल हेयर स्टाइल, दुल्हन चोटी और इंडियन जुड़ा समेत कई स्टाइलिश हेयर डिज़ाइन आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रुपसाय सलाम, पूर्व सांसद लखन लाल साहू, आशीष जायसवाल, बबलू खंडेलवाल, मनोज भंडारी, गुलशन ऋषि और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *