थाने में खाकी का कहर : मंत्री के करीबी को ASI ने जड़े थप्पड़, SSP ने किया सस्पेंड, FIR के आदेश

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर थाना में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां अपने केस की जानकारी लेने पहुंचे एक युवक के साथ एएसआई द्वारा मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, रतनपुर निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को दोपहर करीब 2:30 बजे अपने मामले की जांच रिपोर्ट की स्थिति जानने थाने पहुंचे थे। उन्होंने एएसआई दिनेश तिवारी से रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का निवेदन किया, जिस पर एएसआई भड़क गया और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि एएसआई ने 15-20 थप्पड़ जड़ते हुए धमकी दी— “बड़ा नेता है क्या, ज्यादा नेतागिरी करेगा तो जेल भिजवा दूंगा।” घटना के दौरान थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
इतना ही नहीं, पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में पैसे की मांग की जा रही थी। पीड़ित ने खुद को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का करीबी रिश्तेदार बताया है। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी एवं ट्रेनी आईपीएस अंशिका जैन ने तत्काल इसकी सूचना एसएसपी रजनेश सिंह को दी। पीड़ित द्वारा भी सीधे शिकायत किए जाने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
साथ ही आरोपी के खिलाफ उसी थाने में मारपीट का अपराध दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और थानों में आम नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *