खारून की बाढ़ से जमराव में मचा हड़कंप, 40 घरों में घुसा पानी; मछुआरों ने फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकाला

खारून की बाढ़ से जमराव में मचा हड़कंप, 40 घरों में घुसा पानी; मछुआरों ने फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकाला

पाटन। खारून नदी में आई बाढ़ के कारण ग्राम पंचायत जमराव में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव के करीब 40 घर प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन एवं ग्राम पंचायत द्वारा प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बाढ़ के दौरान एक व्यक्ति पानी में फंस गया था। स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद गांव के मछुआरों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए किए गए इस राहत प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।

बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के लिए ग्राम पंचायत ने पंचायत भवन, शासकीय मिडिल स्कूल, शासकीय प्राथमिक स्कूल, निषाद समाज सामुदायिक भवन और साहू समाज सामुदायिक भवन को राहत शिविर के रूप में चिन्हित किया है।
वहीं, प्रभावित परिवारों के लिए ग्राम पंचायत की ओर से राशन एवं सब्जी की व्यवस्था भी की गई है। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित लोगों द्वारा बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्राम पंचायत की सरपंच जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पंचायत पूरी तरह सतर्क है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंचायत स्तर पर हरसंभव व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से नदी एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा प्रशासन और पंचायत द्वारा जारी सावधानियों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *