छात्रों के लिए राहत की खबर: माशिमं ने बढ़ाई नामांकन और परीक्षा शुल्क जमा करने की समय-सीमा

छात्रों के लिए राहत की खबर: माशिमं ने बढ़ाई नामांकन और परीक्षा शुल्क जमा करने की समय-सीमा

रायपुर, 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बोर्ड परीक्षा एवं नामांकन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। बैंक अवकाश और प्रस्तावित बैंक हड़ताल के कारण उत्पन्न व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए मंडल ने मान्यता प्राप्त संस्थाओं को अब 7 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन शुल्क जमा करने की सुविधा दी है। माशिमं के निर्णय के अनुसार नियमित विद्यार्थियों के नामांकन शुल्क, परीक्षा शुल्क एवं परीक्षा आवेदन पत्र शुल्क का ऑनलाइन भुगतान अब 7 अक्टूबर तक किया जा सकेगा। पहले इसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित थी।
8 अक्टूबर से लगेगा प्रतिदिन ₹1,000 विलंब शुल्क
मंडल के नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के बाद शुल्क जमा करने पर विलंब शुल्क लागू होगा। 8 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन ₹1,000 विलंब शुल्क की गणना की जाएगी। ऐसे में संबंधित विद्यालयों और विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
बैंक अवकाश और हड़ताल के चलते उठी थी तिथि बढ़ाने की मांग
दरअसल, 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार को बैंक अवकाश है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल प्रस्तावित होने के कारण शुल्क भुगतान में व्यावहारिक परेशानी की स्थिति बन रही थी। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने माशिमं से अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की थी। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने इस संबंध में माशिमं के अध्यक्ष एवं सचिव से विद्यार्थियों और पालकों के हित में समय-सीमा बढ़ाने का आग्रह किया था। प्रदेश में लगातार बारिश और उससे प्रभावित आर्थिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए भी समय बढ़ाने की मांग की गई थी। माशिमं के निर्णय से प्रदेशभर के विद्यार्थियों, पालकों और विद्यालयों को शुल्क जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। अब संबंधित संस्थाएं 7 अक्टूबर तक ऑनलाइन शुल्क भुगतान कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *