भिलाई । दुर्ग से रायपुर की ओर आने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग) द्वारा खारून नदी ब्रिज की मरम्मत का कार्य 19 मई 2025 से प्रारंभ किया जा रहा है। यह कार्य दो चरणों में किया जाएगा, जिसमें ब्रिज के नीचे और ऊपर के हिस्सों की मरम्मत शामिल है।
पहला चरण (19 मई से 30 मई 2025):
इस दौरान ब्रिज के नीचे स्थित बेरिंग को बदला जाएगा। इसके लिए हर रात 2 बजे से 4 बजे तक, ब्रिज को पूरी तरह बंद किया जाएगा। इस समय के दौरान दुर्ग से रायपुर की ओर आने वाले सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से ही गुजरना होगा।
दूसरा चरण (1 जून से 20 जून 2025):
ब्रिज के ऊपरी हिस्से में एक्सपांशन जॉइंट बदलने, डामर उखाड़ने, बीसी वर्क और रेलिंग के मरम्मत का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 24 घंटे चलेगा और इस दौरान दुर्ग से रायपुर की ओर आने वाला ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहेगा।
यातायात की सुविधा हेतु ब्रिज को डिवाइडर लगाकर दो लेन में बांटा जाएगा। एक लेन में मरम्मत कार्य चलेगा जबकि दूसरी लेन से सिंगल ट्रैफिक चालू रहेगा। लेकिन मरम्मत के चलते ब्रिज से लेकर कुम्हारी तक भारी ट्रैफिक जाम की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं:
- भिलाई सेक्टर एरिया से – उतई → सेलूद → दौर → घुघुवा → औरी → मोतीपुर → अमलेश्वर → रायपुर
- पुरानी भिलाई चौक (सिरसा गेट) से – ग्राम सिरसा → औरी → मोतीपुर → अमलेश्वर → रायपुर
- रायल खालसा से – ग्राम उरला → परसदा → अमलेश्वर → रायपुर
यातायात पुलिस व प्रशासन की अपील:
यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा की योजना बनाते समय इन परिवर्तनों का ध्यान रखें और हो सके तो वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें, ताकि जाम से बचा जा सके और मरम्मत कार्य भी सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।