जामगांव आर। ग्राम किकीरमेटा के कुम्हारपारा में स्व दयाराम भंवरे स्मृति में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान सप्ताह कथा भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ निरंतर चल रही है। यह पावन आयोजन 7 जनवरी 2026 तक अनवरत जारी रहेगा जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बनकर पुण्यलाभ अर्जित कर रहे हैं।
शनिवार की कथा के दौरान भगवताचार्य पंडित अभिषेक शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म का अत्यंत भावपूर्ण और मनोहारी प्रसंग प्रस्तुत किया गया। जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म की कथा का वर्णन हुआ, कथा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे और पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण का उत्सव मनाया गया। आयोजन में आसपास के गांवों से भी श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी हुई है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का विस्तार हो रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने में भंवरे परिवार सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान मिल रहा है। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कर पुण्यलाभ अर्जित करें।