पांच तहसीलों के मानस संघ प्रतिनिधियों की बैठक में नई टीम का चयन, चैतराम साहू और नीलकंठ ठाकुर बनाए गए आजीवन संरक्षक
दुर्ग। जिला मानस संघ दुर्ग को नई नेतृत्वकारी टीम मिल गई है। बीते 15 नवंबर 2026 को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में ग्राम रिसामा निवासी एवं समर्पण ज्ञान गंगा मानस मंडली के व्याख्याकार व गायक कुमार सिंह पाल को सर्वसम्मति से जिला मानस संघ दुर्ग का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। बैठक में दुर्ग, पाटन, धमधा, अहिवारा और बोरी तहसील से जुड़े मानस संघ के सदस्य शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात निवर्तमान अध्यक्ष मेहत्तर राम वर्मा ने जिला स्तरीय आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया और अपनी कार्यकारिणी भंग करने की घोषणा की। इसके बाद आगामी तीन वर्षों के लिए नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में थानूराम देवांगन एवं देव कुमार कौशल को उपाध्यक्ष तथा सुरेखा शर्मा को महिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं जीवन साहू को कोषाध्यक्ष, केशवदास वैष्णव को उप कोषाध्यक्ष, हितेन्द्र साहू को सचिव और टेकराम साहू को मीडिया प्रभारी बनाया गया। नूतन साहू एवं हेमलाल साहू को सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई।
जिला मानस संघ के वरिष्ठ स्तंभ चैतराम साहू एवं नीलकंठ ठाकुर को आजीवन संरक्षक बनाया गया। नई कार्यकारिणी के चयन में नीलकंठ ठाकुर, लल्लू राम वर्मा,पूर्व जिलाध्यक्ष मेहत्तर राम वर्मा, चोवाराम साहू, धनुष लाल यादव एवं टीकाराम साहू सहित मानस जगत के वरिष्ठजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नवनियुक्त अध्यक्ष कुमार सिंह पाल ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने पर सभी वरिष्ठजनों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से जिला मानस संघ को मजबूत बनाने, मानस परंपरा के प्रचार-प्रसार तथा युवा पीढ़ी को रामचरितमानस से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष नीलकंठ ठाकुर ने किया। बैठक में उपस्थित जिलेभर के मानस मंडली प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुमार सिंह पाल सहित पूरी नई कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मानस परंपरा के प्रचार-प्रसार और संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई।