रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन अब और तेज होने जा रहा है। पटवारी संघ को कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का समर्थन मिलने के बाद आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। पटवारियों की लंबित मांगों और शासकीय कर्मचारियों के 3 प्रतिशत बकाया महंगाई भत्ते (DA) के भुगतान को लेकर 18 नवंबर को प्रदेशभर के जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की रविवार को आयोजित आपातकालीन वर्चुअल बैठक में पटवारियों के अनिश्चितकालीन आंदोलन और कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉक मुख्यालयों में एकजुट होकर प्रदर्शन किया जाएगा। आक्रोश रैली के बाद जिला कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
पटवारियों पर की गई कार्रवाई निरस्त करने की मांग
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने पटवारियों के खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है। फेडरेशन का कहना है कि पटवारियों की समस्याओं और लंबित मांगों का समाधान दमनात्मक कार्रवाई के बजाय बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। शासन को कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा प्रतिनिधिमंडल
फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने बताया कि 18 नवंबर को प्रदेशव्यापी आक्रोश रैली के बाद कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर पटवारियों की मांगों, उनके खिलाफ की गई कार्रवाई को निरस्त करने तथा शासकीय कर्मचारियों के लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते के भुगतान का मुद्दा उठाएगा। फेडरेशन के इस फैसले से पटवारियों के आंदोलन को व्यापक कर्मचारी-अधिकारी समर्थन मिलने की उम्मीद है। अब 18 नवंबर को होने वाले प्रदेशव्यापी प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हैं।