उतई पुलिस की बड़ी कार्यवाही : प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की तस्करी का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार


उतई । नशे के अवैध व्यापार पर नकेल कसते हुए उतई पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। मुखबिर की सूचना पर सेलूद-पाटन मार्ग पर मानिकचौरी मोड़ के पास नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े गए युवकों से पूछताछ में एक संगठित सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना उतई से विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कृष्णा यादव (21 वर्ष, निवासी बठेना, थाना पाटन) एवं अजय यादव (21 वर्ष, निवासी घुघवा, थाना पाटन) को एक्टिवा वाहन (क्रमांक CG10 BC 6508) के साथ पकड़ा गया। तलाशी में कृष्णा के पास से 960 Proxiohm-Spas कैप्सूल, 30 Alprzolum 0.5mg टेबलेट, मोबाइल व 300 रुपये नकद बरामद हुए। अजय यादव से 240 Proxiohm-Spas कैप्सूल, 38 Alprzolum 0.5mg टेबलेट, 500 रुपये नकद व मोबाइल मिला।

पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि पाटन के पुराना बस स्टैंड स्थित इडली-डोसा विक्रेता मनोज डोंगरे उन्हें यह नशीली दवाइयां सप्लाई करता है। पुलिस ने तत्क्षण कार्रवाई करते हुए मनोज को हिरासत में लिया। उसने स्वीकार किया कि वह सिन्हा मेडिकल स्टोर्स से दवाइयां खरीदकर सप्लाई करता है।

ड्रग इंस्पेक्टर श्रीमती जागेश्वरी साहू की उपस्थिति में सिन्हा मेडिकल स्टोर्स में छापेमारी की गई। संचालक गोवर्धन सिन्हा ने बिना प्रिस्क्रिप्शन के दवाइयों की बिक्री की बात कबूल की। दुकान से Alprzolum 0.5mg की 300 टेबलेट और 2000 रुपये नकद जब्त किए गए।

कुल मिलाकर करीब ₹79,499 मूल्य की प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की गई हैं। चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8, 22(क), 27(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन रंगारी, ड्रग इंस्पेक्टर जागेश्वरी साहू, उपनिरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सउनि नेमन सिंह साहू, प्र.आर. महेश देवांगन, कौशल साहू, आरक्षक दुष्यंत लहरे, राजीव दुबे, ध्रुव नारायण, सुरेन्द्र चौहान, मुकेश यादव, मनोज सिन्हा, कमल साहू की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *