छ्ग विधानसभा में बजट सत्र का आखिरी दिन : OPS-NPS, डोंगरगढ़ प्रोजेक्ट और सिटी बस पर सरकार से जवाब की तैयारी, 71 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज अंतिम दिन है, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। एक ओर विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाए हुए है, वहीं सरकार भी अपने महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने पर फोकस रखेगी। प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत प्रदेश में खतरनाक अपशिष्ट उत्पन्न करने वाले उद्योगों का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक सुनील सोनी सप्तपर्णी (छातिम) वृक्ष के रोपण पर रोक का विषय सदन में रखेंगे। विधायक पुन्नूलाल मोहले शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए NPS से OPS योजना चुनने के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेंगे। वहीं रामकुमार टोप्पो मैनपाट स्थित कर्मा एथनिक रिसॉर्ट के रखरखाव का मामला उठाएंगे। इसके अलावा विधायक हर्षिता स्वामी बघेल डोंगरगढ़ में ‘प्रसाद योजना’ के तहत श्री यंत्र भवन निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरेंगी।

71 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव से बढ़ेगा दबाव

सत्र के अंतिम दिन सदन में कुल 71 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं, जिससे सरकार को कई विभागों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना होगा। विधायक तुलेश्वर मरकाम आबकारी विभाग में कथित अनियमितताओं का मामला उठाएंगे। वहीं सुनील सोनी रायपुर शहर में नए मार्गों पर सिटी बस सेवा शुरू नहीं होने के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का ध्यान आकर्षित करेंगे।

तीन अहम विधेयकों पर सरकार की नजर

सत्र के अंतिम दिन सरकार तीन महत्वपूर्ण विधेयकों को पेश कर पारित कराने का प्रयास करेगी। वाणिज्यिक कर मंत्री ओ.पी. चौधरी छत्तीसगढ़ उपकर (संशोधन) विधेयक 2026 को प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ (लोक भर्ती-व्यावसायिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक 2026 पर चर्चा और पारित कराने का प्रस्ताव रखेंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक 2026 भी सदन में पेश किया जाएगा, जिसे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुव्यवस्था लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सत्र के अंतिम दिन होने के कारण सदन में राजनीतिक सरगर्मी तेज रहने की संभावना है, जहां विपक्ष जवाबदेही की मांग करेगा और सरकार अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *