रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए गर्मी के बीच राहत के साथ खतरे की चेतावनी भी दे दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते तीन दिनों से बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। 21 मार्च को भी कुछ इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला में करीब 1-1 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। तापमान की बात करें तो दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सबसे कम 17.1 डिग्री जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। किसानों को भी फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी गई है।