
रायपुर, 29 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ आज जनता और नेतृत्व के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुकी है, जो देशवासियों को प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की नई ऊर्जा भी प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक कड़ी में देशभर के नवाचारों, जनभागीदारी और प्रेरणादायी प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहन मिलता है और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में कई बार छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों का उल्लेख होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से निर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और वर्षा जल संरक्षण जैसे विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, असम की महिलाओं की ‘हरगिला आर्मी’, नागालैंड की खेल संस्कृति, नालंदा विश्वविद्यालय एवं सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के प्रयासों, डोमिनिकन रिपब्लिक में भारतीय संस्कृति के प्रसार तथा मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट के नवाचार जैसे प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख कर समाज में सकारात्मक बदलाव की अनेक मिसालें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक श्रीमती गोमती साय, डॉ. रामप्रताप सिंह, श्री दीपक म्हस्के, श्री संजय श्रीवास्तव, श्री सच्चिदानंद उपासने, श्री अखिलेश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।