पाटन। दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुर (घुघुवा क) में विप्र समाज द्वारा अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य पंडित दीपक शर्मा द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई, जिसमें यजमान सपरिवार सभापति प्रणव शर्मा ने भाग लिया। इसके बाद भगवान परशुराम जी एवं हनुमान जी की महाआरती की गई और समस्त विश्व के कल्याण हेतु “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की कामना की गई। पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच खीर-पूरी का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग, माताएं-बहनें और युवा वर्ग शामिल हुए, जिससे आयोजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गांव के प्राचीन मोहल्ले का नाम“परशुराम वार्ड एवं “परशुराम चौक” रखने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। कार्यक्रम में शिवोम विद्यापीठ के संचालक अवधेश शर्मा, उपसरपंच शिवनारायण शर्मा, श्यामकिशोर शर्मा, प्रशांत शर्मा, अनीश शर्मा, शुभम शर्मा, शशांक, अभिनंदन सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।