महादेव सट्टा ऐप का किंगपिन सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक जेल में, CBI पूछताछ के बाद कोर्ट का फैसला

महादेव सट्टा ऐप का किंगपिन सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक जेल में, CBI पूछताछ के बाद कोर्ट का फैसला

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। आठ दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अब सौरभ चंद्राकर को अगले सात दिनों तक जेल में रहना होगा।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को सौरभ चंद्राकर को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान CBI ने उससे आगे पूछताछ के लिए दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की, बल्कि न्यायिक रिमांड पर भेजने का अनुरोध किया। अदालत ने CBI की मांग स्वीकार करते हुए उसे 19 नवंबर तक जेल भेजने का आदेश दिया। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी अदालत से झटका लगा। नॉन-बेलेबल वारंट निष्पादित कराने के लिए ED की ओर से प्रस्तुत आवेदन को कोर्ट ने खारिज कर दिया।

दरअसल, CBI पिछले आठ दिनों से सौरभ चंद्राकर से महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ कर रही थी। इस दौरान पैनल ऑपरेटरों की भूमिका, हवाला के जरिए कथित वित्तीय लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी से जुड़े मामलों की जांच की गई। अब जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। विशेष रूप से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई करोड़ों की रकम किन लोगों तक पहुंची और इस कथित सिंडिकेट को किन प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त था।

इसी सिलसिले में CBI ने मामले से जुड़े चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। इन अधिकारियों से पूछताछ के जरिए सट्टा नेटवर्क में उनकी संभावित भूमिका और कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के बाद 1 नवंबर को भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद अब उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल इस नेटवर्क से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित लेनदेन और वास्तविक लाभार्थियों की पहचान का है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि इस पूरे नेटवर्क को किन लोगों का संरक्षण प्राप्त था। आने वाले दिनों में CBI और ED की जांच पर इस बहुचर्चित मामले की आगे की दिशा निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *