नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं मानी हार! तोमन कुमार ने तीरंदाजी में जीता एशियन पैरा गेम्स का स्वर्ण,CM साय ने खिलाड़ियों पर बरसाया सम्मान- स्वर्ण विजेता तोमन को 51 और अभिजीत को 31 लाख

रायपुर। नक्सली हमले में अपना एक पैर गंवाने के बावजूद हौसला नहीं हारने वाले पूर्व CRPF जवान तोमन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। वहीं बचपन से शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे बिलासपुर के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। एशियन पैरा गेम्स 2026 में दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें सम्मानित करते हुए कुल 82 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री साय ने पैरा तीरंदाजी के स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपए तथा पैरा बैडमिंटन के कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल एवं बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो सफलता का कोई भी शिखर असंभव नहीं है। तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने साहस, संघर्ष और कठिन परिश्रम से यह साबित कर दिखाया है। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं टूटा हौसला

बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की कहानी अदम्य साहस और इच्छाशक्ति की मिसाल है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा के दौरान वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने जिंदगी से हार नहीं मानी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। लगातार मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने तोमन के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले ने उनका पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा नहीं छीन सका।

बचपन की शारीरिक चुनौती को हराकर अभिजीत ने जीता कांस्य

बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई कहानी लिखी है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत ने परिस्थितियों को अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। पैरा बैडमिंटन को लक्ष्य बनाकर निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ उन्होंने एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अभिजीत की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारजनों को भी बधाई देते हुए उनकी सफलता में परिवार के त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाएगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उचित अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपए तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।

प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का नया वातावरण बना है। ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *