जामगांव एम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन सम्मेलन, जनपद अध्यक्ष कीर्ति ने कहा -महिलाओं के सम्मान से ही समाज का समग्र विकास

पाटन। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ग्राम जामगांव एम स्थित आदिवासी ध्रुव समाज भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में श्रीमती नायक ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण किसी भी विकसित समाज की पहचान है। आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय देकर समाज को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान में भी वृद्धि हो रही है।
श्रीमती कीर्ति नायक ने उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शिक्षा, स्वावलंबन और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर महिला शक्ति, सामाजिक जागरूकता और उत्सव की भावना को जीवंत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *